कानपुर- शिवली थाना क्षेत्र के अंतर्गत मैथा लालपुर गांव में बुधवार शाम से लापता हुई एक 16 वर्षीय किशोरी का शव गुरुवार दोपहर उसके घर से करीब 700 मीटर दूर एक सागौन के बाग में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
किशोरी बुधवार शाम शौच के लिए बाहर निकली थी, लेकिन देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गुरुवार दोपहर एक बजे गांव के पास एक बाग में उसका शव पड़ा मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों ने मौके पर पहुंचते ही दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रद्धा नरेंद्र पांडेय स्वयं मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच अधिकारियों को निर्देशित किया।







