राजस्थान। जोधपुर के कारोबारी से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 46.40 लाख की ठगी करने वाले युवक को पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार किया है। पीड़ित की शिकायत पर चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने की टीम ने साइबर तकनीक और इनपुट के आधार पर आरोपी को ट्रेस किया और धर दबोचा।
पीड़ित राकेश पुत्र रमेश कुमार ने 19 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अप्रैल में उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने खुद को शेयर ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए संपर्क किया। आरोपी ने खुद का नाम देवराज बताया और भरोसा दिलाया कि शेयर बाजार में निवेश करने पर रकम कई गुना हो सकती है। इस झांसे में आकर राकेश ने फिनो बैंक के खाते में कुल 46.40 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
निवेश के कुछ दिन बाद जब राकेश ने लाभ और निवेश की जानकारी लेने के लिए संपर्क किया, तो आरोपी ने बात टालनी शुरू कर दी और फिर कॉल और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया। इस पर राकेश को ठगी का संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दी।
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थानाधिकारी ईश्वरचंद्र पारीक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मानव स्रोतों की मदद से आरोपी की पहचान की। जांच में सामने आया कि आरोपी ने पीड़ित से मिली राशि को फर्जी खातों में ट्रांसफर कर नकद निकासी की थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल चावड़ा पुत्र मनोज भाई, निवासी बहरामपुर, थाना दानी लिमडा, अहमदाबाद गुजरात के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं।







