मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण ज़िले के लखौरा थाना क्षेत्र में मंदिर चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रात के अंधेरे में मंदिर से मूर्तियां और गहने चोरी कर मिट्टी में गाड़ने वाले दो शातिर दोस्तों में से एक पुलिस के हत्थे चढ़ गया है।
गिरफ्तार आरोपी प्रमोद कुमार (निवासी: लखौरा बरवा) की निशानदेही पर पुलिस ने एक निर्माणाधीन मकान के पास से हाल ही में खोदी गई मिट्टी को हटाकर चोरी की गई सभी मूर्तियां सुरक्षित बरामद कर ली हैं। पूछताछ में उसने अपने पड़ोसी और साथी रौशन सिंह का नाम भी कबूला है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
एसपी की बड़ी कार्रवाई: मंगलवार सुबह घटना की भनक लगते ही पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात ने कड़ा रुख अपनाया। गश्त में लापरवाही बरतने के आरोप में नाइट पेट्रोलिंग पार्टी और संबंधित चौकीदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया गया है।







