पंजाब। पटियाला में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 17 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, किशोरी का शव सूलर रोड पर एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया। घटनास्थल के पास ही उसकी साइकिल खड़ी मिली, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह सुबह घर से काम के लिए निकली थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतका का परिवार मूल रूप से अमेठी का रहने वाला है। किशोरी पिछले कुछ समय से अपने भाई के साथ पटियाला में रह रही थी और आसपास के घरों में काम करती थी।
परिजनों के मुताबिक, वह मंगलवार सुबह रोज की तरह घर से काम पर जाने की बात कहकर निकली थी। उसने घर पर खाना भी बनाया और सभी को खिलाने के बाद खुद भी भोजन किया था। हालांकि, वह अपने कार्यस्थल तक नहीं पहुंची। बाद में परिवार को फोन के जरिए घटना की जानकारी मिली।
परिवार ने बताया कि घर में किसी तरह का कोई विवाद या तनाव नहीं था। किशोरी तीन भाइयों की इकलौती बहन थी। फिलहाल, पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।







