चंपावत। उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत चंपावत जिले के बनबसा क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 309.96 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 92 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई STF कुमाऊं यूनिट (रुद्रपुर) और थाना बनबसा पुलिस की संयुक्त टीम ने धनुष पुल चौकी के पास की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शकुर अहमद (उम्र 54 वर्ष), निवासी अब्बास नगर, बहेड़ी (बरेली, यूपी) के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल (UP 26 DU 9608) भी जब्त की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह हेरोइन बरेली के एक व्यक्ति से लेकर आया था और इसे नेपाल में एक तस्कर को सौंपने वाला था। STF को पूछताछ में अन्य तस्करों के बारे में भी अहम जानकारियां मिली हैं, जिन पर आगे कार्यवाही की जाएगी।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत की गई है। STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में अब तक बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए जा चुके हैं।
ANTF कुमाऊं यूनिट की जनवरी 2025 से अब तक की बरामदगी:
-
चरस: 10.753 किलोग्राम
-
हेरोइन: 1.203 किलोग्राम
-
एमडीएमए: 7.41 ग्राम
-
अफीम: 2.513 किलोग्राम
STF ने जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना STF या नजदीकी पुलिस थाने को दें। संपर्क नंबर: 0135-2656202, 9412029536







