जालंधर (पंजाब) – जालंधर के बस्ती शेख थाना क्षेत्र के नाखा वाले बाग इलाके में शुक्रवार को एक ऑटो से 25 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान न्यू दशमेश नगर निवासी विनोद कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और बेटे को मृत अवस्था में देखकर शोक में डूब गया।
परिजनों ने बताया कि विनोद गुरुवार को काम पर निकला था लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। संपर्क न होने पर परिवार ने पुलिस को सूचना दी थी। अगले दिन एक ऑटो संदिग्ध हालत में खड़ा मिला, जिसमें विनोद का शव पाया गया।
मृतक की मां ने बताया कि विनोद उनका इकलौता बेटा था, शादीशुदा था और उसका एक छोटा बच्चा भी है। बहन ने कहा कि विनोद ने यह ऑटो किराये पर लिया था। ऑटो मालिक सूरज ने बताया कि वह पिछले एक सप्ताह से ऑटो चला रहा था और रोजाना शाम को घर लौट जाता था। गुरुवार को ऑटो वापस न आने पर उसने देर रात तक तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार सुबह एक मैकेनिक ने रास्ते में खड़ा ऑटो देखा और इसकी सूचना दी। परिजनों ने यह भी बताया कि विनोद शराब का सेवन करता था और हाल ही में घर से कई बार पैसे भी ले गया था।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।







