डीएम ने मामले की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई की
नैनीताल। रिश्वत मांगने के आरोप में जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए रामगढ़ तहसील के राजस्व उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र को निलंबित कर दिया है। डीएम वंदना ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए ऑडियो क्लिप और शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रकाश चंद्र पर सरकारी कामों में लापरवाही बरतने और किसानों को भूमि का खसरा देने के बदले 25 से 50 हजार रुपये तक की रिश्वत मांगने के आरोप हैं। जांच में यह भी पुष्टि हुई कि वायरल ऑडियो में सुनी गई आवाज प्रकाश चंद्र की ही है।
डीएम ने बताया कि निलंबन की अवधि में प्रकाश चंद्र को तहसील खनस्यूं से संबद्ध किया गया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के मामलों में जिला प्रशासन जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रहा है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







