पटियाला (पंजाब)- पटियाला के सूलर गांव में एक पुलिसकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पीसीआर में तैनात जरनैल सिंह संधू के रूप में हुई है, जिनका शव उनके किराए के मकान से बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव के एक व्यक्ति ने सबसे पहले शव को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर सबूत जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजिंद्रा अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मौत कई घंटे पहले हो चुकी थी, क्योंकि मौके पर खून के धब्बे जम चुके थे। बताया जा रहा है कि जरनैल सिंह पिछले तीन वर्षों से इसी मकान में किराए पर रह रहा था और उसका मूल निवास बनूड़ के पास है।
पुलिस के मुताबिक मृतक दो बार शादी कर चुका था और लंबे समय से अवसाद से जूझ रहा था। हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।







