फिरोजाबाद। सिरसागंज थाना पुलिस ने जुए के एक सक्रिय अड्डे पर छापा मारते हुए महिला समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके से 51,160 की नकदी भी बरामद हुई है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, कृष्णा नगर करहल रोड निवासी अर्चना उर्फ भुरिया अपने मकान में लंबे समय से जुए का अड्डा चला रही थी। पुलिस को कई बार इसकी शिकायतें मिली थीं, लेकिन पुख्ता सबूतों के अभाव में कार्रवाई नहीं हो रही थी। बुधवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अचानक छापा मारा, जिससे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ हो गया।
सीओ सिरसागंज अनिवेश सिंह ने बताया कि थानाध्यक्ष वैभव कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने अर्चना के घर पर दबिश दी। मौके से मियां बाजार निवासी प्रदीप, गिहार कॉलोनी से गिहार, किसरांव से भुवनेश, पक्का तालाब से राहतखान, मक्खनपुर के अरमराजट निवासी शनि और सोनू समेत अर्चना को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।







