Jalandhar News: जालंधर में पिम्स अस्पताल के नजदीक स्थित एक स्पा सेंटर पर पुलिस की रेड उस समय नाटकीय बन गई, जब कार्रवाई के दौरान संचालक मौके से फरार हो गया और पुलिस टीम को अंदर ही बंद कर गया।
थाना-7 की टीम को सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी आधार पर पुलिस ने योजना बनाकर छापा मारा। लेकिन रेड की भनक पहले ही संचालक तक पहुंच गई। जैसे ही पुलिस अंदर पहुंची, उसने बाहर से शटर बंद कर दिया और स्टाफ के साथ पीछे के रास्ते से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि अंदर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पास की इमारत के जरिए प्रवेश तो कर लिया, लेकिन निकास का रास्ता भी आरोपियों ने बंद कर दिया था। इस कारण एक महिला कर्मी सहित चार पुलिसकर्मी करीब डेढ़ घंटे तक अंदर फंसे रहे।
बाद में बाहर मौजूद टीम ने सीढ़ी की मदद से खिड़की के रास्ते सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस का कहना है कि यह कानून के साथ गंभीर खिलवाड़ है। मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







