शव पर कट के निशान मिलने से हत्या की आशंका, पहचान के प्रयास जारी
हरियाणा- फतेहपुर पुल के पास पश्चिमी यमुना नहर में एक अज्ञात महिला का नग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। शव पर चोट और कट के निशान पाए गए हैं, जिसके चलते पुलिस इस मामले को हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच रही है।
सूचना मिलते ही थाना बूड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। उसे पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भिजवाया गया है।
गोताखोर टीम ने निकाला शव
गोताखोर राजीव ने जानकारी दी कि उनकी टीम किसी अन्य लापता महिला की तलाश में दादूपुर हेड पर मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक का कॉल आया जिसमें उसने बताया कि फतेहपुर पुल के पास नहर में एक शव तैरता हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकाला।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पाकर डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम प्रभारी एएसआई बलराम ने बताया कि यह मामला थाना बूड़िया क्षेत्र का है। प्राथमिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला की पहचान और मौत के पीछे के कारणों की जानकारी के लिए आसपास के थानों में सूचना भेजी गई है।







