हार्न बजाने पर भड़के हमलावर
हापुड़। दिल्ली–मुरादाबाद हाईवे पर गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में चलती बस को रोककर बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि कार और बाइक सवार आधा दर्जन से अधिक युवकों ने बस रोककर शीशे तोड़े और विरोध करने पर बस परिचालक को पीटते हुए नकदी भी लूट ले गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित परिचालक ने बताया कि हमलावरों ने 5100 रुपये छीन लिए और बस में जमकर तोड़फोड़ की। परिचालक ने मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रूट पर डग्गामार बसों को लेकर पहले भी विवाद भड़क चुका है। हाईवे पर कमाई वाले रूट को लेकर बस स्टाफ के बीच आए दिन झगड़े बढ़ रहे हैं, जिनमें पहले भी मारपीट, फायरिंग और बस में सीधे टक्कर मारने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला हार्न बजाने को लेकर विवाद का लगता है। सीओ स्तुति सिंह का कहना है—“वीडियो फुटेज एकत्र की जा रही है, तहरीर मिलते ही सख्त कार्रवाई होगी।”







