पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया
रामनगर। क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म और वीडियो वायरल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने एक युवक और उसके साथी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, रामनगर निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री को चिल्किया निवासी युवक फरमान और उसके साथी ने मिलने के बहाने बुलाया। आरोप है कि फरमान ने किशोरी के पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने घटना का वीडियो भी बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
महिला के अनुसार, आरोपियों की लगातार धमकियों और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर किशोरी ने बीते दिनों पूरी बात अपने परिजनों को बताई। परिजनों ने तुरंत पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।







