उत्तरप्रदेश। शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। घटना से पहले युवक की पिटाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति उसे मारता हुए नजर आ रहा है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार रात मोहल्ला बंगश इलाके में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक के साथ मारपीट की गई थी। रविवार सुबह उसका शव उसी इलाके में संदिग्ध अवस्था में मिला। इस घटना के कुछ ही देर बाद मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें आरोपी नितिन युवक की पिटाई करता दिख रहा है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मृतक के सीने, पेट और पैरों सहित शरीर के कई हिस्सों पर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे साफ है कि उसकी बुरी तरह से पिटाई की गई थी। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी पहचान की कोशिश में जुटी है।
इंस्पेक्टर अश्विनी सिंह ने बताया कि आरोपी नितिन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ वीडियो और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







