कुरुक्षेत्र: शहर के थाना कृष्णा गेट क्षेत्र में मकान बिक्री के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने थानेसर निवासी सन्नी नरूला को इस मामले में गिरफ्तार किया है।
पीड़ित निशांत गुप्ता ने 17 जुलाई 2023 को शिकायत दी थी कि उसने 16 जनवरी 2023 को सन्नी और उसकी माता के साथ एक करोड़ रुपये में दो मंजिला मकान खरीदने का इकरारनामा किया था। इसके तहत निशांत ने 60 लाख रुपये बयाने के रूप में उनके खातों में जमा करवा दिए।
बाद में पता चला कि मकान पर पहले से 80 लाख रुपये का बैंक लोन चल रहा था, जिसकी जानकारी उसे नहीं दी गई। बयाना लेने के बाद भी आरोपियों ने अतिरिक्त 70 लाख रुपये का नया लोन भी मकान पर ले लिया।
जब निशांत ने विरोध किया तो पैसे लौटाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन न पैसा वापस किया गया न मकान सौंपा गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।







