जालंधर- कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में अपहरण और फिरौती की साजिश का बड़ा मामला सामने आया है। कैलगरी पुलिस ने दक्षिण एशियाई समुदाय को निशाना बनाकर चलाए जा रहे कथित आपराधिक गिरोह के चार भारतीय मूल के युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह का मुख्य आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार 6 मई की शाम एडमोंटन शहर से एक दक्षिण एशियाई युवक का हथियार के बल पर अपहरण किया गया। आरोपियों ने युवक को कार में बंधक बनाकर कैलगरी पहुंचाया और उसे अपने कारोबारी मित्र को घर से बाहर बुलाने के लिए दबाव बनाया। पुलिस का मानना है कि कारोबारी ही इस साजिश का असली निशाना था।
बताया जा रहा है कि युवक के इनकार करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान कारोबारी अपनी पत्नी के साथ घर से बाहर निकला तो बदमाशों ने उनका पीछा कर बीच सड़क पर हथियार दिखाकर धमकाने की कोशिश की। हालांकि दंपती किसी तरह घर के अंदर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की सक्रियता बढ़ने के बाद आरोपी अपहृत युवक को वापस एडमोंटन ले गए और अगली सुबह उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गए। बाद में पीड़ित ने पूरी घटना की शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद जांच तेज कर दी गई।
कैलगरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तरनवीर सिंह, दक्ष गौतम, आकाशदीप सिंह और प्रदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं। वहीं इस मामले का कथित मास्टरमाइंड गगनदीप सिंह अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कनाडा के नागरिक नहीं हैं। जांच में सामने आया है कि कुछ आरोपी एक्सपायर्ड वर्क वीजा पर रह रहे थे, जबकि कुछ ने शरणार्थी दावे के आधार पर कनाडा में ठहराव लिया हुआ था।







