सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में हरिद्वार से कांवड़ यात्रा पूरी कर लौट रहे श्रद्धालुओं पर हमले का मामला सामने आया है। मंदिर परिसर में विश्राम के दौरान हुए मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ लोगों ने कांवड़ियों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें एक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, राजा बेलहरा निवासी 45 वर्षीय कोमल पटेल अपने बेटे के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर महादेव घाट जा रहे थे। यात्रा के दौरान दोनों ग्राम कुडारी स्थित मंदिर परिसर में कुछ देर आराम करने के लिए रुके थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में कोमल पटेल के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि उनके साथ मौजूद अन्य श्रद्धालु भी घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर रत्नेश जैन, राजेश यादव और राजेंद्र साहू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







