अमृतसर – अमृतसर के बटाला रोड स्थित जैतीपुर कस्बे के नजदीकी गांव बाबोवाल में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां सात साल के एक बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई
पीड़ित के पिता धर्मवीर सिंह ने बताया कि उनका बेटा ऐकमजोत सिंह रविवार शाम घर से बाहर खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार चिंतित हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की।
कुछ देर बाद गांव के ही एक सुनसान पड़े प्लॉट में बच्चे का शव बरामद हुआ। बच्चे के सिर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे और उसका पूरा शरीर खून से लथपथ था। इस दृश्य को देखकर परिवार समेत पूरा गांव सदमे में आ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना कत्थूनगल के प्रभारी शमशेर सिंह और चौकी चाविडा देवी के प्रभारी अमनजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर दी गई है।







