वाराणसी। बड़ी पियरी इलाके में किराए के मकान में रहने वाली एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसी मकान में दूसरे कमरे में किराए पर रहने वाले युवक ने महिला को अकेला पाकर जबरन अपने कमरे में खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर चौक थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी राजन कुमार ने अपना अपराध स्वीकार किया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता अपने पति और पांच साल के बच्चे के साथ मकान में किराए पर रहती है। गुरुवार सुबह उसका पति काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था। इस दौरान महिला अपने बच्चे के साथ घर में अकेली थी। आरोप है कि इसी मौके का फायदा उठाकर पड़ोस के कमरे में रहने वाला राजन कुमार महिला को जबरन घसीटकर अपने कमरे में ले गया और उसके साथ ज्यादती की।
घटना के बाद महिला ने अपने पति को पूरी जानकारी दी। इसके बाद पति ने डायल 112 और स्थानीय पुलिस चौकी को सूचना दी। जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी प्रवीण सचान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।







