पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
हरियाणा। जीटी रोड सेक्टर-7 स्थित एक निर्माणाधीन फैक्टरी में शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का आधा जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं और आसपास शराब की बोतल व खाली गिलास मिले हैं। पुलिस का अनुमान है कि शव करीब 15 दिन पुराना है।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के रघुराम गांव निवासी हफीज ने शव सबसे पहले देखा। उन्होंने बताया कि वे 15 साल से सेक्टर-7 स्थित फैक्टरी के पास रहते हैं। फैक्टरी मालिक सुभाष चंद्र सतीजा को सूचना देने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी मिली।
घटना स्थल पर सेक्टर-13-17 थाना पुलिस, सीआईए और एफएसएल की टीम ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने मौके से नमकीन, बीड़ी-सिगरेट के रैपर और शराब की टूटी बोतल बरामद की। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि शराब पार्टी के दौरान किसी झगड़े में व्यक्ति की हत्या की गई और बाद में शव को जलाने का प्रयास किया गया।
शव की पहचान करना मुश्किल है क्योंकि चेहरे की स्थिति गंभीर है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और गुमशुदा लोगों के रिकॉर्ड से शव की पहचान की कोशिश कर रही है। शव का पोस्टमार्टम पीजीआई खानपुर में कराया जाएगा।
पांच दिन पहले भी जीटी रोड खादी आश्रम के पास एक अज्ञात शव मिला था, जिसकी शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।
डीएसपी मुख्यालय, सतीश वत्स ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हत्या के मामले में जल्द स्पष्टता आएगी।







