लुधियाना – पंजाब के लुधियाना जिले में विदेश भेजने के नाम पर करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। कस्बा सुधार के एक परिवार से अमेरिका में स्थायी निवास दिलाने का सपना दिखाकर करीब 1.40 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। मामले में पुलिस ने बैंक अधिकारी समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, आरोपियों ने अमेरिका की पीआर दिलाने का भरोसा देकर बड़ी रकम वसूली। परिवार ने नकद और बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से करोड़ों रुपये आरोपियों को सौंप दिए। आरोप है कि ट्रेवल एजेंटों ने फर्जी दस्तावेज और नकली वीजा दिखाकर भरोसा जीतने की कोशिश की।
शक होने पर पीड़ित ने दस्तावेजों की जांच करवाई, जिसमें कई पासपोर्ट और वीजा फर्जी निकले। इसके बाद जब परिवार ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी बहाने बनाने लगे। बाद में दिए गए चेक भी बैंक में बाउंस हो गए। पीड़ित का आरोप है कि रकम लौटाने के बजाय उन्हें धमकियां भी दी गईं।
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने लंबी जांच के बाद ट्रेवल एजेंट, उनके परिजनों और एक बैंक मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी व इमिग्रेशन एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।







