रात 10:30 बजे के करीब ताज शॉपिंग सेंटर के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने की गोलीबारी, पुलिस जांच में जुटी
मोतिहारी। सुगौली थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात, ताज चौक पर उस वक्त अफरातफरी मच गई जब दो बाइक सवार अपराधियों ने ताज शॉपिंग सेंटर के मालिक फैसल यूसुफ को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गनीमत रही कि फैसल यूसुफ को कोई चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गए।
घटना रात करीब 10:30 बजे की है जब फैसल यूसुफ अपनी दुकान बंद कर नीचे उतर रहे थे। उसी दौरान उन्हें एक कॉल आया और वे सीढ़ियों पर रुककर बात करने लगे। इसी बीच हेलमेट पहने दो अज्ञात युवक बाइक से आए और अचानक फायरिंग कर दी। गोली मार्बल की सीढ़ियों में जा लगी जबकि दूसरी गोली हवा में निकल गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हमलावर वारदात से पहले क्षेत्र में कई बार घूमते देखे गए थे, जिससे यह संदेह है कि उन्होंने पहले से रेकी की थी। प्रत्यक्षदर्शी अफरोज आलम के अनुसार, दोनों युवक रक्सौल की ओर से आए थे और गोली चलाकर छपवा चौक की तरफ भाग निकले।
घटना के तुरंत बाद सुगौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। हालांकि अभी तक कोई गोली का खोखा बरामद नहीं हुआ है, पर पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि की है।
इलाके में कई व्यवसायियों और स्थानीय निवासियों में घटना के बाद डर का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।







