यमुनानगर- यमुनानगर के छप्पर थाना क्षेत्र स्थित बाल छप्पर गांव में सोमवार सुबह एक किसान की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सतनाम सिंह के रूप में हुई है, जो गांव में अकेले रहकर खेतीबाड़ी करता था। घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार सतनाम सिंह रोज की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकला था। घर से कुछ दूरी पर पहुंचते ही बाइक पर आए अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुए हमले में किसान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सीआईए टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक को दो गोलियां लगी थीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हत्या के पीछे पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।







