पटियाला (पंजाब)। प्रेम विवाह के बाद उपजे पारिवारिक विवाद ने एक युवक की जान ले ली। पातड़ां क्षेत्र में कथित दबाव और धमकियों से मानसिक रूप से टूट चुके युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय नवनीत सिंह के रूप में हुई है, जो पातड़ां का निवासी था और पंजाब स्टेट पावरकॉम में लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। पुलिस के मुताबिक, नवनीत ने वर्ष 2024 में एक युवती से परिवार की सहमति के बिना धार्मिक रीति से विवाह किया था। शादी के बाद युवती अपने मायके में रहने लगी थी।
परिजनों का आरोप है कि बाद में युवती के घरवालों ने उसकी शादी किसी अन्य स्थान पर तय कर दी। जब नवनीत को इस बात की जानकारी मिली, तो उसने संबंधित परिवार को अपने विवाह के बारे में बताया। इसके बाद कथित तौर पर युवती के परिजनों ने उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जाने लगीं।
बताया जा रहा है कि लगातार मिल रहे मानसिक तनाव और कथित धमकियों के चलते नवनीत गहरे अवसाद में चला गया। इसी बीच उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने अपना बयान दर्ज कराया।
युवक के बयान के आधार पर थाना पातड़ां पुलिस ने युवती के पिता मुख्तयार सिंह सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में मेहर सिंह, किरपाल सिंह और बलविंदर सिंह शामिल हैं, जो सभी गांव जयूनपुरा के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







