जालंधर। निकटवर्ती गांव मालड़ी के किसान गुरदीप सिंह से रंगदारी मामले को पुलिस ने ट्रेस कर उसके बेटे को ही गिरफ्तार कर लिया है। किसान के खुद के बेटे ने यह साजिश रची थी ताकि वह अपने दोस्तों संग मिल नशे का इंतजाम कर सके। पुलिस ने किसान के बेटे संदीप सिंह व उसके साथी विजय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दूसरे साथी विजय निवासी गांव परजियां की तलाश में जुटी हुई है। गुरदीप सिंह को फोन कॉल आई थी, जिसमें उससे पैसों की मांग की गई थी। रंगदारी न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। पुलिस को दी शिकायत में गांव मालड़ी निवासी गुरदीप सिंह ने बताया कि वह खेती करता है। उसे एक धमकी भरी कॉल आई।
उससे 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है और रंगदारी न देने पर बेटे को नुकसान पहुंचाया जाएगा। पुलिस ने इसकी बारीकी से जांच की और जांच के दौरान पाया कि गुरदीप सिंह के बेटे संदीप सिंह ने ही इस साजिश को रचा था ताकि वह पिता से पांच लाख रुपये लेकर नशा कर सके। पुलिस ने उसके एक साथी विजय की तलाश शुरू कर दी है, जिसने गुरदीप सिंह को फोन कर पैसों की मांग की थी।







