गोहाना रोड स्थित होटल से 50 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ी गई आरोपी
जींद। हरियाणा के जींद जिले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक हनीट्रैप मामले का खुलासा करते हुए एक महिला को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला एक बुजुर्ग व्यक्ति की अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसे वसूलने की कोशिश कर रही थी।
गोहाना के महम रोड निवासी 62 वर्षीय एक बुजुर्ग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 अप्रैल को एक महिला ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली थी। इसके बाद वह वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपये की मांग कर रही थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, बातचीत के बाद महिला 50 हजार रुपये में समझौते पर राजी हो गई। इसके बाद महिला ने पैसे लेने के लिए बुजुर्ग को शहर के गोहाना रोड स्थित एक होटल में बुलाया। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी बुजुर्ग ने पहले ही पुलिस को दे दी थी।
पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में होटल में छापा मारकर महिला को 50 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला के कब्जे से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई है।
थाना सिविल लाइन प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि मामले में महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस मामले में महिला के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी संलिप्त था या नहीं।







