नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर कस्टम्स की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। अधिकारियों ने कुआलालंपुर से आए दो यात्रियों के पास से 15.38 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक गांजा (वीड) बरामद किया है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में जब्त की गई इस ड्रग्स की कीमत लगभग 5.38 करोड़ रुपये आंकी गई है।
गीजर के अंदर बनाया था ‘हाईटेक’ सीक्रेट केबिन
कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, 7 जून 2026 को कुआलालंपुर से आई फ्लाइट नंबर D7-182 से दो यात्री दिल्ली पहुंचे थे। शक के आधार पर जब दोनों को ग्रीन चैनल पार करने के बाद रोका गया, तो उनके पास चेक-इन बैग के साथ दो नए गीजर मिले। सघन पूछताछ और उनके मोबाइल कम्युनिकेशन की जांच के बाद अधिकारियों का संदेह गहरा गया। जब गीजरों को एक्स-रे मशीन से स्कैन किया गया, तो उनके अंदर कुछ संदिग्ध चीजें नजर आईं।
जब कस्टम टीम ने गीजरों को कटर से कटवाकर खोला, तो उसके भीतर एक बेहद अत्याधुनिक और परिष्कृत छिपाने की व्यवस्था (सोफिस्टिकेटेड हाइडिंग मैकेनिज्म) देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। गीजर के टैंक के अंदरूनी हिस्से में 145 वैक्यूम सील पैकेट छिपाकर रखे गए थे, जिनमें हरा पत्तेदार मादक पदार्थ (हाइड्रोपोनिक वीड) भरा हुआ था।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी
कस्टम्स की टीम ने 5.38 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ को नार्कोटिक्स एक्ट के तहत जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) अब दोनों तस्करों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में फैले इस ड्रग्स नेटवर्क और इसके मुख्य सप्लायरों का पता लगाया जा सके।







