सोनीपत- हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। लगातार मिल रही कथित धमकियों से परेशान एक महिला ने अपने तीन बच्चों समेत जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना में महिला के तीन वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि महिला और उसकी दो बेटियां गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
जानकारी के अनुसार महिला ने मंगलवार को पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि एक युवक लगातार उसे अपने साथ चलने का दबाव बना रहा था। महिला का कहना था कि आरोपी फोन कर उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकियां देता था। उसने यह बात अपने परिवार को भी बताई थी, लेकिन किसी ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।
इसी बीच मंगलवार देर रात महिला ने कथित तौर पर अपनी 13 वर्षीय और 7 वर्षीय बेटियों के साथ तीन साल के बेटे को जहर दे दिया और खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर सभी को तुरंत दिल्ली के महर्षि वाल्मीकि अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मासूम बेटे की मौत हो गई। बाकी तीनों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। वहीं महिला के पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी मानसिक तनाव में थी और लंबे समय से परेशान चल रही थी। पति के बयान के आधार पर पुलिस ने महिला के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी युवक की भूमिका, महिला को मिली धमकियों और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है।







