सोनीपत। गांव मुरथल से चार दिन पहले लापता हुए युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में कुराड़ के पास स्थित मिष्ठान भंडार के पीछे खंडहर पड़े कमरे में मिला है। युवक के सिर में ईंट मारकर हत्या किए जाने का अंदेशा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है। जहां शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में हत्या की धारा जोड़ी जाएगी।
गांव मुरथल निवासी सतीश कुमार ने बताया कि उनका बेटा दीपक (22) 9 अप्रैल को घर से कपड़े धोने का सर्फ लेकर आने के लिए निकला था। उसके बाद बेटा घर पर नहीं लौटा। उन्होंने 10 अप्रैल को मामले की शिकायत मुरथल थाना पुलिस को दी थी। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए युवक की तलाश शुरू कर दी थी। हालांकि उनका कोई सुराग नहीं लग सका। मोबाइल की कॉल डिटेल में पता लगा कि एक नंबर से उनके बेटे के पास कई बार कॉल आई हुई है।
वह नंबर उनके परिचित का है। उसके बाद अब बेटे का शव कुराड़ के पास स्थित मिष्ठान भंडार के पीछे बने एक खंडहर कमरे में मिला है। पुलिस को खंडहर में अज्ञात का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद उन्हें मौके पर बुलाया गया। शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है। कपड़ों से पहचान की जा सकी है। उसके सिर पर ईंट से हमला किया गया है। शव को देखकर लगता है कि 9 अप्रैल को ही उसकी हत्या कर गई थी। चार दिन शव पड़ा रहने के कारण गर्मी में क्षत-विक्षत हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है।







