दिल्ली- मंगलवार सुबह दिल्ली के तीन महत्वपूर्ण ठिकानों — मुख्यमंत्री सचिवालय, मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (एमएएमसी) और यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज़ (यूसीएमएस) — को बम विस्फोट की ईमेल धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में अफरा-तफरी मच गई।
दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ता तुरंत हरकत में आया और सभी स्थानों पर सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल टीम (BDDT) और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर को खंगाला गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
धमकी मिली ईमेल के जरिए, आरडीएक्स जैसे विस्फोटकों का दावा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, भेजे गए ईमेल में दावा किया गया था कि तीनों ठिकानों पर आरडीएक्स जैसे शक्तिशाली विस्फोटक लगाए गए हैं, जिनकी धमाकेदार क्षमता एक किलोमीटर तक बताई गई थी। सबसे पहले बम की सूचना एमएएमसी को मिली, जिसके तुरंत बाद यूसीएमएस और मुख्यमंत्री सचिवालय को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई।
यूसीएमएस में खाली कराया गया कॉलेज परिसर
शाहदरा के डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे जीटीबी अस्पताल परिसर स्थित यूसीएमएस को धमकी भरा मेल मिला, जिसके बाद एहतियातन कॉलेज परिसर को खाली कराया गया। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक टीम ने दोपहर 1:30 बजे तक परिसर की बारीकी से जांच की और उसे सुरक्षित घोषित किया गया।
साइबर सेल जांच में जुटी, पहले की धमकियों से मेल
दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ईमेल की लोकेशन, स्त्रोत और संभावित आरोपी की पहचान में जुटी है। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह मेल संभवतः किसी अन्य राज्य से भेजा गया है और इसकी प्रकृति पहले सामने आई फर्जी धमकियों से मिलती-जुलती है।
CM सचिवालय को दोपहर बाद मिली धमकी
एमएएमसी को ईमेल मिलने के कुछ समय बाद ही मुख्यमंत्री कार्यालय को भी एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें दोपहर 3:30 बजे विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। हालांकि जांच में यह मेल भी फर्जी साबित हुआ।
पुलिस और प्रशासन की अपील – घबराएं नहीं, सतर्क रहें
मध्य जिला डीसीपी निधिन वल्सन ने बयान में कहा कि सभी जरूरी सुरक्षा उपाय किए गए हैं और जनता को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ऐसी किसी भी स्थिति में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क और तैयार हैं।







