कानपुर- कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बारासिरोही इलाके में शुक्रवार को एक निर्माणाधीन मार्केट की दुकान के सीवर टैंक में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय रजी मोहम्मद के रूप में हुई है, जो गूबा गार्डन का रहने वाला था। घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
घर से निकला, फिर नहीं लौटा
रजी मोहम्मद बीते बुधवार की शाम को अपने घर से यह कहकर निकला था कि वह सब्जी मंडी जा रहा है, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह उसका शव बारासिरोही सब्जी मंडी के सामने अनिल दुबे की निर्माणाधीन दुकान के खुले सीवर टैंक में पड़ा मिला।
मां की मौत के बाद बहन के पास रह रहा था युवक
मृतक की बहन शन्नो ने बताया कि मां की मृत्यु के बाद रजी उनके साथ ही गोवा गार्डन स्थित घर में रहने लगा था। शन्नो अपने पति और बच्चों के साथ वहीं रहती हैं। रजी को शराब की लत थी और उसे मिर्गी के दौरे भी पड़ते थे। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मार्केट के मालिक की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ, क्योंकि सीवर टैंक को बिना ढक्कन के खुला छोड़ दिया गया था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कल्याणपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में युवक के नशे का आदी होने की बात सामने आई है। फिलहाल मामले की सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से नमूने जुटाए हैं।
लापरवाही या हादसा? जांच जारी
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराज़गी है। उनका कहना है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा उपायों की घोर अनदेखी की जा रही थी। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि मामला लापरवाही से हुआ हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण छिपा है।







