बाढ़ – अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र के मेउरा गांव में मंगलवार तड़के एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका मीना देवी (35), जो दिव्यांग थीं, रघुवंश यादव की पत्नी थीं। घटना का आरोप रघुवंश के बड़े भाई श्लोक प्रसाद और उसके बेटे चंद्रभूषण कुमार पर लगाया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विवाद की जड़ जमीन के बंटवारे और घर बनाने को लेकर चली आ रही रंजिश थी।
हाल ही में तीन भाइयों के बीच संपत्ति का बंटवारा हुआ था। बड़े भाई ने नया मकान बना लिया था, जबकि मंझले भाई ने निर्माण शुरू किया था। इसी जमीन पर बड़े भाई ने पुनः दावा किया, जिससे तनाव बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों में पहले भी झगड़े और मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं। दो-तीन महीने पहले भी एफआईआर दर्ज हुई थी।
घटना के संबंध में थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। श्लोक प्रसाद और उसके परिवार का आपराधिक इतिहास रहा है। अथमलगोला थाना क्षेत्र में हुए एक ट्रिपल मर्डर केस में भी उसका बेटा आरोपी है और फिलहाल जेल में बंद है।
रघुवंश यादव ने बताया कि जैसे ही उन्होंने अपने घर का निर्माण शुरू किया, बड़े भाई ने उनकी पत्नी पर गोली चला दी। छोटे भाई परमहंस प्रसाद ने कहा कि श्लोक प्रसाद लंबे समय से नाराज थे और सुबह घात लगाकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
एसडीपीओ आयुष श्रीवास्तव ने पुष्टि की कि सुबह लगभग पांच बजे सूचना मिली थी। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हत्या का कारण आपसी विवाद और जमीन पर दावा था। घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है और मृतका को दो गोलियां लगी हैं। पुलिस ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







