नोगावा क्षेत्र में तनाव, महिला की हत्या के बाद भारी पुलिस बल तैनात
राजस्थान। अलवर जिले के नोगावा थाना क्षेत्र स्थित मुबारिकपुर में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों में हुए बड़े झगड़े के दौरान एक पक्ष ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें गोली लगने से चरण सिंह की पत्नी दीपो बाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच का उपचार नोगावा में चल रहा है, जबकि एक गंभीर घायल को अलवर रेफर किया गया है।
मृतका के बेटे कुलदीप सिंह द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, तीन बीघा भूमि को लेकर जंगीर सिंह और उसके समर्थक लंबे समय से विवाद और धमकियां दे रहे थे। सुबह करीब 20-25 लोग हथियारों से लैस होकर चरण सिंह के घर पहुंचे और हमला कर दिया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने लाठी-डंडों के साथ-साथ बंदूकों का भी इस्तेमाल किया। इसी दौरान जंगीर सिंह की ओर से की गई फायरिंग में दीपो बाई को जबड़े में गोली लगी, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नोगावा, बगड़ तिराहा, रामगढ़ एमआईए और लक्ष्मणगढ़ थानों की अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। फिलहाल गांव में पुलिस तैनात है। वहीं, पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।







