जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर जिले में जमीन को लेकर विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जब सीआइएसएफ के हेड कांस्टेबल प्रकाश ने अपने पिता की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे दो किसान भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
जोधपुर के पीपाड़ क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई कहासुनी ने परिवार में खौफनाक मोड़ ले लिया। जानकारी के अनुसार, सीआइएसएफ में हेड कांस्टेबल पद पर तैनात प्रकाश जयपुर से सुबह लगभग 6 बजे गांव पहुंचा था। घर पहुंचते ही पुराने भूमि विवाद को लेकर पिता रामपाल से फिर से बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि प्रकाश ने गुस्से में आकर फावड़े से अपने पिता पर हमला कर उन्हें मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया।
वारदात के दौरान दो किसान, जो बीच-बचाव करने पहुंचे थे, गंभीर रूप से घायल हो गए। एक का पैर टूट गया, जबकि दूसरे के सिर में गहरे घाव आए हैं। दोनों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलते ही पीपाड़ थानाधिकारी मांगीलाल बिश्नोई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है और घटना की जांच जारी है।







