लुधियाना। लोहारा के न्यू सतगुरु नगर इलाके में पांच सौ रुपये उधार दिए पैसे मांगने पर निहंग सिंह ने बुजुर्ग व्यक्ति पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। निहंग सिंह ने साथियों के साथ मारपीट की और वहां से फरार होने में कामयाब हो गया। घायल बुजुर्ग अंग्रेज सिंह को इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत को देखते हुए सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। जहां सिर पर टांके लगे और उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। सूचना मिलने के बाद थाना साहनेवाल के अधीन आने वाली चौकी कंगनवाल की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
जानकारी देते हुए लोहारा रोड के इलाके न्यू सतगुरु नगर निवासी अंग्रेज सिंह ने बताया कि वह मजदूरी का काम करता है। पिछले करीब 15 दिन पहले उससे इलाके में रहने वाले एक निहंग सिंह ने 500 रुपये उधार लिए थे,जो वापिस मांगने पर वह पिछले दो दिनों से उससे आनाकानी कर रहा था। शनिवार को अंग्रेज काम से घर लौटा था। जिसे घर से कुछ ही दूरी पर पहले से ही घात लगाकर बैठे निहंग सिंह ने अपने दो अन्य साथियों सहित घेरकर तलवारो से हमला करना शुरू कर दिया। जिसके शोर मचाने पर इलाके के लोग एकत्रित हुए,जिन्हें देख हमलावर मौके से फरार हो गए। थाना साहनेवाल के एसएचओ इंस्पेक्टर जगदेव सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।







