हरियाणा। हिसार के सैनिक छावनी के सामने देवीलाल कॉलोनी में घरेलू कलह के चलते पति दलीप ने अपनी पत्नी 38 वर्षीय निर्मला की गला दबा कर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में लेकर आए है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है।
जानकारी के अनुसार दलीप कुमार अपने परिवार के साथ देवीलाल कॉलोनी में रहता था। बताया जा रहा है कि दलीप और उसकी पत्नी के निर्मला के बीच अक्सर छोटी छोटी बातों में घरेलू कलह रहता था। कलह के चलते ही दलीप पत्नी के साथ अक्सर मारपीट करता था। दोनों पक्षाें के बीच पंचायत भी हुई थी। लेकिन उसके बाद भी दोनों के बीच झगड़ा रहता था।
शुक्रवार रात को दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ और दलीप ने निर्मला की गला दबा कर हत्या कर दी। सुबह घटना का पता चला। सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंकिस विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना किया। सदर थाना प्रभारी संदीप का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह का मामला सामने आ रहा है। अभी जांच कर रहे हैं।







