बताया जा रहा है कि आरोपी का प्लान पूरे परिवार को जिंदा जलाने का प्लान था। इसलिए आरोपी ने पहले सभी को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर घर में आग लगा दी। जिसके बाद दरवाजे पर आरोपी कुल्हाड़ी और बंदूक लेकर खड़े हो गए। हालांकि मामले की सूचना मिलने पर आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अस्पताल में जिंदगी से जूझ रहे पीड़ितों की सुरक्षा में पुलिस के जवान तैनात कर दिए हैं।
मामले में जानकारी देते हुए 20 वर्षीय विशाल ने बताया कि वह गांव सौंदापुर का रहने वाला है। उसकी ससुराल गांव सुताना में है। सुबह वह अपनी पत्नी नीतू के साथ अपने ससुराल में आया था। यहां पर उसको बाइक खरीदनी थी, जिसे खरीद कर दोपहर बाद उसे घर वापस लौटना था। इस दौरान करीब दोपहर 3 बजे वह अपनी पत्नी नीतू, सास बाला, साला चिराग उर्फ चीकू, साली रितिका और राखी के साथ घर में मौजूद था। इसी दौरान उसकी पत्नी नीतू का चाचा अन्य तीन लोगों के साथ घर में घुस गया।
घर में घुसते ही उसने गाली- गलौज करते हुए सास से 8 लाख रुपये की डिमांड रखी। तैश में आकर उसने कपड़ों में आग लगा दी। जब उसे होश आया तो वह अस्पताल में था। विशाल के अनुसार उसकी पत्नी नीतू ने आरोपी चाचा के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज करवाया था। केस में लगे पैसों की एवज में आरोपी 8 लाख रुपये मांग रहा है। ऐसा पीड़ित परिवार को शक है। वारदात को अंजाम आरोपी ने किस लिए दिया इसकी असली वजह अभी तक किसी को पता नहीं है।







