गाजियाबाद- गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र में एक नाबालिग अनाथ किशोरी के साथ धोखाधड़ी, शोषण और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि एक युवक ने पहचान छिपाकर उससे दोस्ती की, शादी का भरोसा दिलाया और बाद में उसका शारीरिक व मानसिक शोषण किया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक ने लंबे समय तक उसे अपने झूठे वादों में उलझाए रखा। शादी का आश्वासन देकर उसने किशोरी का भरोसा जीता और फिर उसके साथ गलत संबंध बनाए। बाद में जब पीड़िता को युवक की सच्चाई का पता चला और उसने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने पीड़िता के निजी फोटो और वीडियो बना लिए थे, जिन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर वह उसे लगातार डराता रहा। आरोप है कि पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर युवक ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद से पीड़िता मानसिक तनाव में है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







