ठगी का शिकार बना बलौन गांव का युवक, आरोपी महिला पहले भी कर चुकी थी तीन शादियां
हिमाचल। कुल्लू जिले की बंजार घाटी में एक युवक उस समय ठगा गया जब उसने भरोसे के रिश्ते को निभाने की कोशिश की। शादी के कुछ ही महीनों बाद उसकी पत्नी ने बड़े व्यापार का सपना दिखाकर पुश्तैनी जमीन बिकवा दी और फिर लाखों रुपये और कीमती सामान लेकर चुपचाप गायब हो गई।
पुलिस के अनुसार, यह महिला पहले भी तीन बार शादी कर चुकी थी और यह उसका चौथा विवाह था। अब पतलीकूहल पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बलौन गांव निवासी ज्ञान चंद ने बताया कि 2024 में उसने बालीचौकी क्षेत्र की एक महिला से शादी की थी। यह रिश्ता महिला के भाई की सिफारिश पर तय हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही पत्नी ने उसे यह सुझाव दिया कि यदि वे अपनी 18 बिस्वा जमीन बेच दें, तो वह उसे कारोबार में लगाकर बड़ा उद्यमी बना देगी।
ज्ञान चंद के अनुसार, जमीन बिकते ही महिला ने करीब ढाई लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। जब भी वह शादी को पंचायत में दर्ज कराने की बात करता, तो पत्नी कोई न कोई बहाना बनाकर बात टालती रही।
परिवार पर भी मिलीभगत का शक
अप्रैल 2025 में वह घर से 20 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने लेकर लापता हो गई। बाद में जानकारी मिली कि महिला पहले तीन लोगों से शादी कर चुकी है।
ज्ञान चंद ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम में महिला का भाई, माता और पिता भी शामिल हैं। डीएसपी केडी शर्मा ने पुष्टि की है कि महिला को पकड़ लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।







