अबोहर (पंजाब)। पंजाब के अबोहर क्षेत्र के गांव भागसर में लेनदेन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय प्रह्लाद के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रह्लाद का कुछ लोगों से पैसों का लेनदेन चल रहा था। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने उसे बातचीत के बहाने अपने घर बुलाया। वहां पहले कहासुनी हुई और बाद में प्रह्लाद पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना देर रात की बताई जा रही है।
इस हमले में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद गांव में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।
मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रह्लाद अपने पीछे एक मासूम बेटे को छोड़ गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अबोहर के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले की जांच थाना बहाव वाला पुलिस कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।







