फाजिल्का। जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेखौफ नजर आए, जब देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक रिहायशी मकान में घुसकर दंपती को बंधक बनाकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। पिस्तौल और तेजधार हथियार के दम पर बदमाश करीब ढाई घंटे तक घर में आतंक मचाते रहे और लाखों रुपये की नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना जोरा सिंह मान नगर इलाके की है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पीड़ित स्वर्णा बाई और उनके पति खजाना सिंह ने बताया कि मंगलवार देर रात वे अपने कमरे में सो रहे थे। रात करीब 12:30 बजे अचानक आहट होने पर उनकी नींद खुली तो देखा कि तीन युवक कमरे में खड़े हैं। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, बदमाशों ने महिला का मुंह कपड़े से बंद कर दिया और पति के हाथ-पैर व मुंह बांधकर उन्हें बेबस कर दिया।
पीड़ितों के अनुसार बदमाशों के पास पिस्तौल और कृपाण जैसे तेजधार हथियार थे। हथियार दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और पूरे घर की तलाशी ली गई। इस दौरान बदमाशों ने अलमारियों और संदूकों को खंगालते हुए सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान समेट लिया। बदमाशों ने करीब ढाई घंटे तक घर में रहकर वारदात को अंजाम दिया और फिर फरार हो गए।
खजाना सिंह ने बताया कि वे हाल ही में एफसीआई से पल्लेदारी के काम से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके रिटायरमेंट समारोह के दौरान साथियों द्वारा पहनाए गए नोटों के हार और घर में रखी पूरी नकदी भी बदमाश लूट ले गए। अनुमान है कि लूटे गए सामान की कीमत करीब तीन लाख रुपये है।
घटना के बाद बदमाशों के जाने पर दंपती किसी तरह बंधन से मुक्त हुए और बाहर निकलकर पड़ोसियों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में पूछताछ के साथ-साथ आरोपियों की तलाश की जा रही है।







