नई दिल्ली- राजधानी दिल्ली के पांडव नगर क्षेत्र में सोमवार रात हुए एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद बाइक सवार तीन नाबालिगों ने एक डिलीवरी एजेंट पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अरुण राज के रूप में हुई है, जो पटपड़गंज इलाके का रहने वाला था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रात करीब सवा आठ बजे आचार्य निकेतन इलाके से चाकूबाजी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को अरुण गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसके गले और सीने पर गहरे घाव थे। उसे तुरंत एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया कि तीन नाबालिग एक ही बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे और अरुण से बहस करने लगे। कुछ ही पलों में विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल पर क्राइम और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि जांच के दौरान एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। प्रारंभिक पूछताछ में आपसी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पटेल नगर में भी नाबालिगों का हमला, छात्र गंभीर रूप से घायल
इसी बीच मध्य दिल्ली के पटेल नगर इलाके से भी चाकूबाजी की एक और घटना सामने आई है। यहां पुरानी रंजिश के चलते कुछ नाबालिगों ने 16 वर्षीय छात्र पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल किशोर को उसके पिता ने तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि 28 जनवरी को दयानंद मॉडल पब्लिक स्कूल के पास छात्र पर हमला किए जाने की सूचना मिली थी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह अपने पिता की स्कूल वैन में बैठा था, तभी 3–4 युवक वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों से उसका कुछ दिन पहले झगड़ा हुआ था और सभी आरोपी आनंद पर्वत इलाके के रहने वाले हैं।
पुलिस ने छात्र के बयान के आधार पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया और सीसीटीवी फुटेज की मदद से चार नाबालिगों को हिरासत में लिया। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।







