पटियाला- पंजाब के नाभा शहर में रविवार देर रात हिंसा की एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसमें एक पुलिस जवान की जान चली गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक पुलिसकर्मी की पहचान अमनदीप सिंह (30) के रूप में हुई है, जो नाभा की पुडा कॉलोनी का निवासी था और पटियाला क्षेत्र में एक पुलिस चौकी में तैनात था। बताया जा रहा है कि अमनदीप अपने भाई नवदीप सिंह के साथ रात के समय मैहस गेट चौक के पास मौजूद था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ युवकों से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक टकराव में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर में कई लोग मौके पर पहुंचे और दोनों भाइयों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में अमनदीप को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नवदीप के सिर में गंभीर जख्म आए हैं। उसे तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएसपी नाभा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, अमनदीप सिंह हाल ही में पिता बना था और परिवार में खुशी का माहौल था, जो इस घटना से मातम में बदल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि अमनदीप को अगले दिन गणतंत्र दिवस समारोह से जुड़े पुलिस कर्तव्यों में भी शामिल होना था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।







