एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम के लिए शव पीजीआई भेजे गए
हरियाणा। रोहतक के फतेहपुरी कॉलोनी में बुधवार रात दो दोस्तों के बीच विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस झगड़े में सुमित (21) और मनीष (40) की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, हत्या की वारदात में दोनों पक्षों के साथी शामिल थे।
फतेहपुरी कॉलोनी के ही रहने वाले सुमित और मनीष बुधवार रात दोस्तों के साथ कॉलोनी में बैठे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि सुमित पर गोली चली और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और आसपास के लोग उसे तुरंत पीजीआई ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सुमित अविवाहित था।
उसी समय मनीष पर भी हमला हुआ। उसके पड़ोसी वीके उर्फ विक्की और उसके साथी तैश में आ गए। उन्होंने मनीष पर कुल्हाड़ी और फरसे से कई वार किए, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
डीएसपी दलीप सिंह के अनुसार, एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है।







