बिहार। बेगूसराय में अपराधियों का आतंक एक बार फिर बेखौफ नजर आया, जहां कपड़ा व्यवसायी मोहम्मद शहजाद की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुबह-सुबह हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है और जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वीरपुर थाना क्षेत्र के परबंदा बाबा स्थान के पास शहजाद अपनी बाइक से जैसे ही पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने बेहद नजदीक से ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे शहजाद की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि कुछ लोग उनसे लगातार रंगदारी की मांग कर रहे थे और उसी रंजिश में शहजाद की हत्या की गई हो सकती है। पुलिस इस एंगल समेत सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
इस हत्या ने जिले में पहले से व्याप्त तनाव को और बढ़ा दिया है, क्योंकि महज 24 घंटे पहले ही छौराही थाना क्षेत्र में जेडीयू नेता और पूर्व पंचायत अध्यक्ष निलेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दो दिन के भीतर दो हत्याओं ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
वारदात की सूचना मिलते ही एसपी मनीष मौके पर पहुंचे और जांच का नेतृत्व संभाला। फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं।







