मेरठ। यूपी में मेरठ के सरधना में किशोरी का अपहरण कर गैंगरेप के बाद गला रेतकर हत्या कर दी गई। कत्ल के बाद किशोरी का चेहरा तेजाब डालकर जला दिया गया। किशोरी का अपहरण 21 जुलाई को किया गया और 23 जुलाई को जंगल में लाश बरामद हुई। सुबह परिजनों ने शिनाख्त की, जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शाम को परिजनों ने शव को पुलिस चौकी चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया और हंगामा किया। हजारों की भीड़ जुट गई और आरोपियों का एनकांउटर करने की मांग की। पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया है।
सरधना के एक मोहल्ला निवासी 16 वर्षीय किशोरी का 21 जुलाई को अपहरण हो गया था। परिजनों ने थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया और एक युवक पर आरोप भी लगाया। 23 जुलाई को किशोरी का सड़ा गला शव मेहरमति गणेशपुर के जंगल में मिला। बुधवार को किशोरी के परिजन थाने पहुंचे और पुलिस के साथ मोर्चरी लाया गया। यहां पर परिजनों ने कपड़ों से किशोरी की पहचान कर ली। हंगामे के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी हसीन को गिरफ्तार कर लिया। एसपी देहात मेरठ, कमलेश बहादुर ने कहा कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बाकी साक्ष्य संकलन के आधार पर कार्रवाई कराई जाएगी।
तेजाब से चेहरा जलाया
किशोरी की गला रेतकर हत्या के बाद पहचान मिटाने के लिए चेहरे पर तेजाब डाला गया था। मंगलवार को शव की शिनाख्त नहीं हुई तो पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया था।
लोगों में आक्रोश
सरधना में किशोरी के अपहरण के बाद गैंगरेप कर हत्या के मामले में लोगों का आक्रोश भडक़ गया। लडक़ी के परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पुलिस चौकी चौराहे पर शव रख जाम लगा दिया। उन्होंने यहां करीब दो घंटे तक हंगामा किया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। सीओ व थाना प्रभारी ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे आरोपियों की गिरफ्तारी व जल्द खुलासे की मांग पर अड़े रहे। हालात बेकाबू हुए तो पीएसी को बुलाया गया।
डेढ घंटे बाद एसपी देहात कमलेश बहादुरै मौके पर पहुंचे। उन्होंने गणमान्य लोगों के माध्यम से परिनजों से बात की और सख्त से सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसपी के आश्वासन पर हंगामा शांत हुआ। करीब सात बजे लडक़ी के परिजन आरोपियों के खिलाफ तहरीर देने थाने पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी निरीक्षक प्रताप सिंह को एक तहरीर सौंपी। इसमें उन्होंने अपहरण के बाद हत्या व अन्य कई आरोप लगाए। पांच से सात लोगों के नाम भी उन्होंने अपनी तहरीर में शामिल किए।
थाना प्रभारी ने जांच कराकर कार्रवाई की बात कही
कहा कि जो दोषी होगा, उसी पर कार्रवाई होगी, निर्दोष पर कार्रवाई बिलकुल नहीं की जाएगी। परिजन अपनी तहरीर लेकर वहां से वापस आ गए। उसके बाद अचानक परिजन व मोहल्ले के सैकड़ों लोग जुलूस के रूप में पुलिस चौकी चौराहे पर पहुंच गए। जहां उन्होंने पुलिस के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया। उन्होंने चौराहे पर जाम लगाते हुए जमकर हंगामा किया। कुछ देर बाद शव भी पोस्टमार्टम के बाद वहां आ गया, जिसे सडक़ पर बीचो बीच रखकर जाम लगा दिया। लोगों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी हो जाने के ‘बाद ही शव को उठाने की बात कही
परिजनों ने लगाया आरोप गैंगरेप के बाद की हत्या
मृतका के परिजनों का आरोप है कि गैंगरेप के बाद उसकी हत्या की गई है। हत्यारों ने पहचान मिटाने के लिए चेहरे को तेजाब से जला दिया। निर्मम तरीके से उसका हत्या की गई।
आरोपी काफी दिनों से कर रहा था परेशान
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की आरोपी हसीन से पहले बातचीत होती थी। कुछ दिन से दोनों में खटपट चल रही थी। बीती 18 जुलाई को मृतका अपनी मां व अन्य परिजनों के साथ मेला बूढ़ा बाबू में घूमने के लिए आई थी। आरोपी युवक वहीं पहुंचा और उसने परिजनों के सामने ही मृतका की पिटाई कर दी। आरोप है कि आरोपी मृतका को ब्लैकमेल कर रहा था। 21 जुलाई को आरोपी उसे अपने साथ ले गया था, जहां उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लडकी की हत्या कर दी।
एसपी देहात मेरठ, कमलेश बहादुर ने कहा कि सरधना में 21 जुलाई को किशोरी लापता हुई थी। युवती की हत्या करके लाश को जंगल में फेंका गया था और 23 जुलाई को शव बरामद किया गया। 24 जुलाई को पहचान होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों के तहरीर पर केस दर्ज किया है।







