हमीरपुर। गहरौली गांव स्थित मकान व अन्य संपत्ति के पुराने विवाद में बड़े भाई ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर छोटे भाई की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। आरोपी उसके चेहरे को ईंट से कुचल कर भाग निकले। सीओ राठ ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। मुस्करा थाने के गहरौली गांव में खून के रिश्तों को तार-तार करने का मामला सामने आया है।
गांव निवासी भैरम प्रजापति ने बताया कि करौंदा बाबा नाले के पास रोज की तरह वह और उसका भाई दशाराम खेतों की रखवाली के साथ अपने जानवर चरा रहे थे। दोपहर करीब ढाई बजे उसके भतीजे महेश, रमेश और अपने पिता सरजू संग वहां पहुंचे और दशाराम (55) को लाठियों व ईंट से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर शशि कुमार पांडेय ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ राठ दिलीप कुमार ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।







