वाराणसी। बजरडीहा क्षेत्र की एक युवती की फोटो सोशल मीडिया में वायरल करने को लेकर हुए विवाद में सीने में मुक्का मारने के बाद नवापुरा के बुनकर अबुल हसन के बेटे तौसीफ जमाल (30) की मौत हुई थी। अब अबुल हसन की तहरीर पर मखदूमपुर बजरडीहा में किराये पर रहने वाले मोहम्मद अमीन व मोहम्मद अनस और नूरजहां व उसकी मां के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित अन्य आरोपों में जैतपुरा थाने में मंगलवार को मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने देर रात दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस बुधवार को घटना का खुलासा करेगी।
बुनकर अबुल हसन ने पुलिस को बताया कि उनके भाई अंसार अहमद के बेटे मोहम्मद तासिम का विवाद नूरजहां से था। रंजिश को लेकर नूरजहां व उसकी मां और अनस व अमीन सात जुलाई की रात उनके घर आए। चारों उनके बेटे तौसीफ जमाल को घर से खींच कर बाहर लाए और उसके सीने पर मुक्का मारा। तौसीफ जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया। आनन-फानन तौसीफ को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। नूरजहां सहित चारों आरोपी भाग निकले थे। अबुल हसन ने कहा कि सीने में मुक्का मारने से ही उनके बेटे तौसीफ की मौत हुई है। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पूरी उम्मीद है कि नामजद आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्तार में होंगे।







