फतेहपुर। केमलवां थाना इलाके में मदरसा से लापता छात्र का बोरे में बंधा शव कुएं में उतराता मिला। पुलिस दो लोगों पर मुकदमा दर्ज कर पूछताछ कर रही है। मलवां थाना क्षेत्र के बरौरा निवासी अख्तर अली का पुत्र आलिम (9) सौंरा स्थित उल्मा मदरसा में दो माह से अरबी पढ़ता था। करीब पांच दिन पहले घर से मदरसा गया था। परिजनों ने बताया कि आलिम मदरसे में ही ठहरता था। शनिवार को मदरसे से शाम करीब पांच बजे मौलवी रकीमुद्दीन ने आलिम के लापता होने की परिजनों को खबर दी। परिजनों ने देर रात तक बच्चे की खोजबीन की। कोई सुराग न लगने पर उन्होंने पुलिस को खबर दी।
पुलिस ने सुबह खोजबीन का आश्वासन दिया। परिजनों ने मदरसे के आसपास सुबह खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कुछ पता नहीं चला। चरवाहों ने शाम करीब पांच बजे कुएं में बोरा उतराता देखा। परिजन दोबारा कुएं के पास पहुंचे और बोरे को बाहर निकालकर खोलकर देखा तो परिजनों के होश उड़ गए। बच्चे के रस्सी से हाथ, पैर और मुंह प्लास्टिक टेप से बंधा था। परिजनों की सूचना पर शनिवार सुबह रिपोर्ट दर्ज की गई थी। बच्चे का गला दबाकर हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए कुएं में फेंका गया है। मां ने आरोप लगाया है कि बेटे ने कई बार मदरसे के मौलाना व एक अन्य पर गाली गलौज व मारपीट की बात बताई थी। मां की तहरीर पर मौलाना हाफिज व बिल नवाज पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
लापता होने के करीब 24 घंटे बाद आलिम का शव मिला है। जाहिर है कि कातिल ने कई घंटे तक छात्र को बंधक बनाकर रखा होगा। देर रात या फिर भोर के समय शव फेंका गया। इसी वजह से कुएं के पास सुबह चप्पल खोजबीन में मिली। पुलिस आलिम हत्याकांड में किसी करीबी या फिर मदरसे से जुड़े ही किसी व्यक्ति का हाथ होना मान रही है। मदरसे से आलिम के गायब होने की खबर शाम करीब पांच बजे दी गई थी। बताया जा रहा है कि आलिम मदरसे से दोपहर के समय ही गायब हो गया था। पहले मदरसे के मौलाना व अन्य लोग खोजबीन करते रहे हैं। मुंह में प्लास्टिक टेप बांधने से जाहिर होता है कि कातिल छात्र की अपहरण के बाद हत्या नहीं करना चाहता था। अपहरण के बाद छात्र को कहीं छिपाकर रखा होगा। वह शोर न मचा सके, इसी वजह से टेप से मुह बांधकर रखा होगा।







