लखीमपुर खीरी। भानपुरी खजुरिया कस्बे में हार्डवेयर व्यापारी कृष्ण कुमार उर्फ बबलू सेठी (42) की उन्हीं के घर में मुंह दबाकर हत्या कर दी गई। वह घर में अकेले रहते थे, रविवार सुबह शव बेड पर पड़ा मिला। ब्याज पर दी गई मोटी रकम के लेनदेन और घर में बिखरे सामान को देखकर लूटपाट की आशंका के मद्देनजर पुलिस जांच कर रही है। कृष्ण कुमार भानपुरी खजुरिया के पूर्व नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष स्व. लाला खेमचंद सेठी के बेटे थे। उनकी खजुरिया में ही हार्डवेयर की दुकान है। उनकी पत्नी, एक बेटा व भाई हरियाणा के सोनीपत में रहते हैं। रविवार सुबह करीब आठ बजे उनके यहां खाना बनाने व अन्य घरेलू काम करने वाली ज्ञान देवी पहुंची तो घर का दरवाजा खुला मिला।
अंदर पहुंचने पर बेड पर कृष्ण कुमार का शव देखा तो वह दौड़कर बाहर आई और आसपास के लोगों को बुलाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच में पाया कि हत्यारों ने बनियान, तौलिया व चादर से कृष्ण कुमार के मुंह, हाथ और पैर बांध दिए।दोपहर बाद एसपी गणेश प्रसाद साहा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे को सील कर जांच की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। हत्यारों तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वाड की भी मदद ली गई। एएसपी के नेतृत्व में कई टीमें हत्याकांड के खुलासे के लिए लगाई गई हैं। सोनीपत से आए परिजन शाम को पोस्टमार्टम के बाद कृष्ण कुमार का शव अपने साथ ले गए।







